Campus Boom.
जमशेदपुर। प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। इस बात को साबित करते हुए जमशेदपुर के छोटे से विद्यार्थी विधान दीक्षित ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कर्मेल जूनियर कॉलेज, सोनारी के कक्षा तीन के छात्र विधान ने 23वीं नेशनल प्रोडिजी-2026 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए SIP अबेकस के फाउंडेशन लेवल-4A में नेशनल चैंपियन ट्रॉफी जीतकर शहर का नाम रोशन किया है।
22 नवंबर को केरल के कोच्चि में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 5000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच विधान ने अपनी गणना क्षमता, एकाग्रता और मानसिक कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
विधान की इस सफलता के पीछे SIP अबेकस के सोनारी केंद्र की प्रशिक्षिका लालिमा सिंह का मार्गदर्शन रहा। वहीं, पिता पंकज दीक्षित और माता रंजना दीक्षित ने लगातार उसका उत्साह बढ़ाया और हर कदम पर सहयोग किया। विधान, बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बीएन दीक्षित के पोते हैं।
क्या है SIP अबेकस अकादमी
SIP अबेकस अकादमी एक अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थान है, जो बच्चों को क्विक मेंटल मैथ की शिक्षा प्रदान करता है। वर्तमान में भारत में इस संस्थान से दो लाख से अधिक विद्यार्थी जुड़े हुए हैं। इसके माध्यम से बच्चों में गणना क्षमता, एकाग्रता और मानसिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाता है।
विधान की इस गौरवशाली उपलब्धि पर SIP अबेकस परिवार और विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


