Campus Boom.
जमशेदपुर। साकची स्थित बंगाल क्लब परिसर में बंगाल क्लब के 103वें वर्ष तथा ईस्ट बंगाल कॉलोनी जगधात्री पूजा कमिटी के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में संयुक्त रूप से एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 103 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्त की कमी को देखते हुए आयोजित इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा का परिचय दिया।
शिविर का मुख्य सहयोगी संस्था के रूप में टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर ने सहयोग किया। बंगाल क्लब की ओर से रक्तदाताओं के लिए सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त रक्तदान कक्ष की व्यवस्था की गई थी।
शिविर का विधिवत शुभारंभ सुबह 9 बजे हुआ, जबकि दीप प्रज्वलन समारोह पूर्वाह्न 11 बजे मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. साहिर पॉल, बंगाल क्लब के महासचिव सौम्य सेन, सह सभापति देवाशीष नाहा, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, एमटीएमएच के अमिताभ चटर्जी, वरिष्ठ पत्रकार निलय सेनगुप्ता, टीम पीएसएफ के चेयरमैन पुलक कुमार सेनगुप्ता एवं दीप सेन की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
शिविर शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान टीम पीएसएफ एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर की ओर से रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वालों को मिला विशेष सम्मान
शिविर की विशेष पहल के तहत 11, 21, 31, 41 और 51 रक्तदाताओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों को मंच पर ‘वीर जागरूक रक्तदाता’ के सम्मान से सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने वाले लोगों को प्रोत्साहित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को इस सामाजिक अभियान से जोड़ना था।
आयोजन को सफल बनाने में तारा शंकर भट्टाचार्य, इंद्रनील घोषाल, बीबी नंदी, रुपन भट्टाचार्य, उत्तम भट्टाचार्य, विनय सरकार, निलाद्री सिंह, शोभन मुखर्जी, सौगत चक्रवर्ती, सुप्रकाश सिन्हा, पार्थो मुखर्जी एवं संजय मंडल सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा।
बंगाल क्लब एवं जगधात्री पूजा कमिटी का यह संयुक्त आयोजन सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सहभागिता और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने वाला रहा। 103 यूनिट रक्त संग्रह के साथ शिविर ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।


