Campus Boom.
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रांची के राजभाषा प्रकोष्ठ एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), केंद्रीय कार्यालय, रांची के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को हिंदी के महान कथाकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में आयकर विभाग के सहायक निदेशक (राजभाषा) एवं नराकास (केंद्रीय कार्यालय) रांची के सदस्य सचिव प्रसून कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में समन्वयक प्रो. सत्यम ने स्वागत भाषण देते हुए मुंशी प्रेमचंद के जीवन और उनके कालजयी साहित्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्कूली जीवन से ही प्रेमचंद की रचनाओं से उनका जुड़ाव रहा है और आज भी उनकी कहानियाँ समाज, नैतिकता, संघर्ष तथा मानवीय मूल्यों को समझने की प्रेरणा देती हैं।
आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस दौर में भी मुंशी प्रेमचंद के विचार पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रगति के साथ-साथ समाज में ‘सोशल इंटेलिजेंस’ को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेमचंद की रचनाएँ पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि साहित्य के माध्यम से प्रबंधन, नेतृत्व, नैतिकता और सही निर्णय लेने की क्षमता को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है।
सम्मानित अतिथि प्रसून कुमार ने नराकास की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि एआई के युग में भी प्रेमचंद का साहित्य समाज को समझने, संवेदनशील बनने और जीवन में सही निर्णय लेने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नाट्य प्रस्तुतियाँ रहीं। आईआईएम रांची के ‘ड्रेमेबाज़ क्लब’ के विद्यार्थियों ने मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानियों ‘अंधविश्वास’ और ‘पंच परमेश्वर’ का प्रभावशाली मंचन किया। वहीं झारखंड फिल्म एंड थिएटर एकेडमी के कलाकारों ने प्रेमचंद की चर्चित कहानी ‘ईदगाह’ का भावपूर्ण नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
समारोह के समापन पर अतिथियों ने सभी प्रतिभागी कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और हिंदी भाषा के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।


