Campus Boom.
जमशेदपुर ब्लड सेंटर की वरीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीता कामथ को 31 वर्षों की उल्लेखनीय एवं समर्पित सेवा पूर्ण होने पर शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर सामाजिक संस्था टीम पीएसएफ (प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन) ने उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें ‘मानव सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया।
डॉ. विनीता कामथ वर्ष 1995 में जमशेदपुर ब्लड सेंटर से जुड़ी थीं। लगभग 31 वर्षों तक उन्होंने रक्त सेवा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में निष्ठा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने कभी अपने कर्तव्य निर्वहन में कोई कमी नहीं आने दी और हर परिस्थिति में मरीजों तथा रक्तदाताओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
कोविड-19 महामारी, डेंगू समेत विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने साहस और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं मीडिया संस्थानों द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार ने कहा कि डॉ. विनीता कामथ ने अदम्य साहस, सेवा भावना और मानवीय संवेदनशीलता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनका समर्पण स्वास्थ्य सेवा से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को सम्मानित करना टीम पीएसएफ के लिए गौरव का विषय है।
सम्मान समारोह में जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महासचिव नलिनी राममूर्ति, सह सचिव रविंद्र दुगल, महाप्रबंधक संजय चौधरी, डॉ. लव बहादुर सिंह, डॉ. रीता सिंह, डॉ. पुष्पा तिवारी, डॉ. निर्जला झा, दीपक कामथ, अरिजीत सरकार, कुमारेस हाजरा तथा रवि शंकर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में टीम पीएसएफ परिवार ने डॉ. विनीता कामथ के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संस्था उनके हर सुख-दुख में एक मजबूत साथी के रूप में सदैव उनके साथ खड़ी रहेगी।


