Campus Boom.
शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए जमशेदपुर पब्लिक स्कूल (जेपीएस), बारीडीह ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन के पुस्तकालय के लिए 200 से अधिक पुस्तकें दान कीं। इन पुस्तकों का उपयोग विद्यालय की “मोबाइल लाइब्रेरी” पहल को और अधिक समृद्ध एवं प्रभावी बनाने में किया जाएगा।
इंटरेक्ट क्लब, जेपीएस बारीडीह की छात्राओं वंशिका और मौलिका ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार तिवारी को पुस्तकें सौंपीं। इस अवसर पर जेपीएस बारीडीह की प्राचार्या नमिता अग्रवाल, शिक्षिका सुष्मिता तथा समाजसेवी सौविक साहा भी उपस्थित रहे।
प्राचार्या नमिता अग्रवाल ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय, टांगराईन की मोबाइल लाइब्रेरी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों तक पुस्तकों की पहुँच सुनिश्चित करना शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के साथ-साथ उनके ज्ञान और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होगी।
विद्यालय प्रबंधन ने पुस्तक दान के लिए जेपीएस बारीडीह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से मोबाइल लाइब्रेरी और अधिक समृद्ध होगी तथा दूर-दराज़ के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण पठन सामग्री पहुँचाने में मदद मिलेगी। यह पहल शिक्षा के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व और सामुदायिक सहयोग का प्रेरक उदाहरण है।


