UGC NET June 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट जून (UGC NET 2026) परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। एजेंसी द्वारा जारी की गई एक सार्वजनिक नोटिस के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों के उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा शहरों की संख्या बढ़ाई गई है। साथ ही अभ्यर्थियों को पड़ोसी राज्यों में भी परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प दिया गया है।
यूजीसी नेट जून सत्र परीक्षा के लिए लिया गया यह फैसला उन छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिन्हें सीमित परीक्षा केंद्रों के कारण लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी अर्थात NTA ने कहा है कि उम्मीदवार सुधार विंडो के दौरान नए शहर विकल्प चुन सकते हैं।
यूजीसी नेट (UGC NET/University Grants Commission National Eligibility Test) देश भर में आयोजित होने वाली एक महत्वपूर्ण परीक्षा है। यह परीक्षा भारतीय नागरिकों की जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF), असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्ति और पीएचडी में प्रवेश पात्रता के लिए आयोजित की जाती है। यह परीक्षा NTA द्वारा UGC की ओर से आयोजित की जाती है।
UGC NET June 2026 आवेदन और करेक्शन विंडो की जानकारी
एनटीए द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, यूजीसी नेट (UGC NET June 2026) जून सत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक चली। इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म में सुधार करने के लिए सुधार विंडो उपलब्ध कराई गई। इसी दौरान उम्मीदवार अब नए परीक्षा शहर विकल्प भी चुन सकेंगे।
UGC NET 2026 किन शहरों को जोड़ा गया
एनटीए का कहना है कि इन नए विकल्पों से छात्रों को परीक्षा केंद्र चुनने में अधिक सुविधा मिलेगी। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों में सीमित परीक्षा केंद्रों की समस्या को देखते हुए एनटीए ने कुछ नए शहरों को परीक्षा केंद्र सूची में शामिल किया है।
जोड़े गए नए परीक्षा शहर:
राज्य – सिटी कोड – शहर
अरुणाचल प्रदेश – AL03 – नामसाई
मणिपुर – MN04 – ककचिंग
मणिपुर – MN05 – बिष्णुपुर
मेघालय – MG02 – चेरापूंजी
UGC NET June 2026 पड़ोसी राज्यों में भी चुन सकेंगे परीक्षा केंद्र
एनटीए ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम के उम्मीदवार अब सुधार पोर्टल के माध्यम से पड़ोसी पूर्वोत्तर राज्यों के परीक्षा शहरों का भी चयन कर सकेंगे। यह सुविधा खासतौर पर दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले छात्रों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।
NTA UGC NET 2026 कैसे बदलें परीक्षा शहर विकल्प?
उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर सुधार विंडो के माध्यम से परीक्षा शहर विकल्प बदल सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने शहर विकल्प अपडेट कर लें।
हेल्पलाइन नंबर भी जारी
यदि किसी उम्मीदवार को यूजीसी नेट जून 2026 से संबंधित कोई समस्या आती है, तो वह एनटीए हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकता है।
संपर्क विवरण:
हेल्पलाइन: 011-40759000
ईमेल: [email protected]


