NEET UG 2026 Cancelled: डॉक्टर बनने का सपना लिए देश के लाखों अभ्यर्थी नीट यूजी प्रवेश परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे। कड़ी मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले छात्रों ने ये कभी नहीं सोचा था कि नीट यूजी पेपर लीक के आरोपों के बीच नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दी जाएगी। 12 मई 2026 को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार, एनटीए ने नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द कर दिया है।
कई आयोजित हुई थी NEET UG 2026?
गौरतलब हो कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 बीते 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency/NTA) ने नीट यूजी परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं के आरोपों के बाद लिया गया है। एजेंसी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। इसके लिए नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
नीट यूजी रद्द किए जाने के इस फैसले ने देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को गहरा झटका दिया है। महीनों की तैयारी, मानसिक दबाव और परीक्षा के बाद अब छात्रों को फिर से तैयारी करनी होगी।
NEET UG 2026 क्यों रद्द हुई?
नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा के बाद कई राज्यों, खासकर राजस्थान में पेपर लीक के गंभीर आरोप सामने आए। जांच एजेंसियों को ऐसे संकेत मिले कि परीक्षा से पहले कुछ प्रश्न कथित तौर पर लीक हुए थे। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक गेस पेपर में वास्तविक परीक्षा के 100 से अधिक प्रश्नों से मेल मिलने की बात सामने आई।
राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रूप (SOG) ने इस मामले में जांच शुरू की और कई लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि यह एक बहु-राज्यीय नेटवर्क से जुड़ा मामला हो सकता है।
NEET UG 2026: NTA और केंद्र सरकार का क्या कहना है?
एनटीए ने कहा है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद यह निर्णय लागू किया गया है। साथ ही मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपे जाने की खबर भी सामने आई है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द ही री-नीट(Re-NEET) की नई तारीख घोषित की जाएगी।
कब होगी Re-NEET परीक्षा?
फिलहाल एनटीए ने नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं की है। आधिकारिक सूचना के अनुसार, नई तारीख अलग से नोटिस जारी कर बताई जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और एनटीए के सत्यापित सोशल मीडिया चैनलों पर ही भरोसा करें।
छात्रों की बढ़ी चिंता, सोशल मीडिया में नाराजगी
इस फैसले के बाद छात्रों में तनाव और अनिश्चितता बढ़ गई है। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। कुछ अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा के बाद पढ़ाई का रूटीन छोड़ दिया था और अब दोबारा तैयारी करना मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा।


