Campus Boom.
जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर इला कुमार के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के बिष्टुपुर परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY 2026) के 100 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के अंतर्गत एक भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इंडियन योग एसोसिएशन (IYA) झारखंड राज्य शाखा द्वारा अपनी सहयोगी संस्था ग्रामीण उपकार संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। यह काउंटडाउन श्रृंखला का 69वां दिन था।
कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम चरण में प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। योग विभाग की छात्राओं द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें विभिन्न योग मुद्राओं का सुंदर प्रदर्शन किया गया। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी सिंहभूम के विधायक सरयू राय उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग जोड़ने का कार्य करता है और इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।
द्वितीय चरण में दोपहर 3 बजे बिष्टुपुर स्थित खरकई ऑडिटोरियम में योग पर आधारित एक दिवसीय जागरूकता सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विभिन्न विशेषज्ञों ने योग के महत्व, तनाव प्रबंधन, आयुर्वेद और जीवनशैली में योग के समावेश पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस दौरान डॉ. सुबोध कुमार, अमित कुमार, डॉ. कामाख्या कुमार, प्रीति चौधरी, आयुर्वेद चिकित्सक मनीष दूदिया, आयुष मेडिकल ऑफिसर मुकुल कुमार सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने ‘योग: वेलनेस, विजडम और वर्ल्ड पीस’ थीम पर जोर देते हुए योग को जीवन में अपनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही, यम-नियम, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा गीत, नृत्य एवं योग प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ गीत की सामूहिक प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस आयोजन में कुल सचिव डॉ. सलोमी कुजूर, मानविकी संकायाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार साहु, खेल एवं संस्कृति विभागाध्यक्ष डॉ. सनातन दीप, कालिदास तिवारी, अजय कुमार सहित विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं लगभग 1000 छात्राओं की सहभागिता रही।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुधीर कुमार साहु द्वारा किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन उत्साह, ऊर्जा और सकारात्मक संदेश के साथ हुआ। यह आयोजन विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बना, जिसने योग के माध्यम से स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रसारित किया।


