Campus Boom.
CSIR-National Metallurgical Laboratory में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा–2026 का समापन समारोह संस्थान के सभागार में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि Tata Steel Utilities and Infrastructure Services Limited (TSUISL) के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर तथा सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक Dr. संदीप घोष चौधरी थे। मंच पर आयोजन समिति के सदस्य डॉ . एसके . साहू, डॉ . गोपी किशोर मंडल एवं जय शंकर शरण भी उपस्थित रहे।
अपने स्वागत भाषण में निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण की दिशा में सार्थक प्रयास किए गए हैं।
मुख्य अतिथि अतुल कुमार भटनागर ने कहा कि स्वच्छता अभियान एक जटिल सामाजिक-तकनीकी चुनौती है, जिसके समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वित सहयोग आवश्यक है। उन्होंने अकादमिक संस्थानों, अनुसंधान एवं विकास संगठनों, उद्योगों, सरकारी एजेंसियों, नगर निकायों तथा नागरिक समाज के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सीएसआईआर-एनएमएल के वैज्ञानिकों से अपशिष्ट प्रबंधन एवं सतत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीन अनुसंधान एवं विकास समाधान प्रस्तुत करने का आग्रह किया।
स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अध्यक्ष डॉ. गोपी किशोर मंडल ने 1 से 15 मई 2026 तक आयोजित गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंतर्गत आवासीय परिसरों एवं विभिन्न विभागों में विशेष स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा “स्वच्छ भारत मिशन की दिशा में तकनीकी हस्तक्षेप” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन में अनुसंधान एवं विकास की भूमिका पर चर्चा हुई।
विद्यालयी छात्रों के बीच सामाजिक जिम्मेदारी एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भित्ति चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं कर्मचारियों के लिए निबंध लेखन एवं एलिवेटर पिच प्रतियोगिता तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के संयोजक बिस्वजीत भौमिक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में संस्थान के कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


